कठुआ। स्कूलों में शीतकालीन अवकाश समाप्त होते ही कोहरे ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को छुट्टियों के बाद घरों से स्कूल के लिए निकले बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे।
कड़ाके की सर्दी के बीच जिले के स्कूलों में पहले दिन प्राइमरी तक हाजिरी 35 फीसदी के आसपास रही। कुछ दिनों तक धूप खिलने बाद कोहरे ने एक बार फिर मैदानी इलाकों को अपने आगोश में ले लिया है। कठुआ और हीरानगर के मैदानी इलाके सुबह के समय घने कोहरे की चपेट में आ गए। ऐसे में जहां तापमान में गिरावट का दौर जारी रहा। वहीं दृश्यता सौ मीटर से भी कम होने के चलते सड़कों पर वाहन लाइटें जलाकर रेंगते दिखाई दिए। वहीं, लिंक मार्गों पर कोहरे का अधिक असर देखने को मिला। सुबह कोहरा छाए रहने से दिन की चहलकदमी भी देरी से शुरू हुई। सुबह नौ बजे तक कोहरे की घनी चादर के छाए रहने से कामकाज के लिए जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलने को मजबूर होना पड़ा। लोग सड़कों के किनारे अलाव सेकते दिखाई दिए। अभिभावक संजय शर्मा, आदित्य सिंह, सोनम शर्मा, विशाल कुमार और हरबंस लाल ने बताया कि हालांकि इस बार सर्दी का प्रकोप बीते वर्ष के मुकाबले ज्यादा नहीं है लेकिन कोहरे का प्रकोप बढ़ने से बच्चों के बीमार होने की संभावना बढ़ जाती है। शिक्षा विभाग को लोहड़ी तक स्कूलों में अवकाश बढ़ाना चाहिए। चूंकि स्कूलाें में भी बच्चों को सर्दी से राहत नहीं मिलती है। मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा ने बताया कि पहले दिन प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में हाजिरी 35 फीसदी तक रही है। हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में रूटीन की तरह ही बच्चे पहुंचे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को कठुआ में सोमवार के मुकाबले दिन के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। उधर, रात का पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है। सुबह कोहरे की चादर में लिपटे मैदानी इलाकों में दोपहर के समय गुनगुनी धूप खिलने से राहत मिली है।
.................
ट्रेनों की रफ्तार हुई कम
कठुआ रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक जय ओंकार सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। अजमेर से जम्मूतवी जाने वाली पूजा सुपरफास्ट 11 घंटे, डाॅक्टर आंबेडकर नगर से कटड़ा जाने वाली मालवा सुपरफास्ट दो घंटे, गांधीनगर कैपिटल से जम्मू तवी 50 मिनट, अंडमान एक्सप्रेस चार घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे, सियालदाह दो घंटे और झेलम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पौने दो घंटे देरी से पहुंची हैं।