आरटीओ ने दी चेतावनी, नियम तोड़ने पर सीज होंगे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ई-रिक्शा के संचालन से प्रभावित हो रहे मिनी बस संचालकों ने शुक्रवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) सुरेंद्र पाल शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। इस दौरान मिनी बस ऑपरेटरों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर प्रतिबंध के बावजूद ई-रिक्शा बेधड़क दौड़ रहे हैं, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शिकायत मिलने के बाद आरटीओ ने ई-रिक्शा चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई ई-रिक्शा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलता पाया गया तो उसका चालान कर वाहन सीज किया जाएगा।
कठुआ मिनी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधि सुरेश शर्मा ने आरटीओ को बताया कि कठुआ से लखनपुर तक चलने वाली मिनी बसों में शहर के भीतर पहले ही यात्रियों की संख्या कम रहती है। बस चालकों को कालीबाड़ी से लखनपुर के बीच यात्रियों के मिलने की उम्मीद होती है, लेकिन अब वहां भी ई-रिक्शा बड़ी संख्या में सवारियां उठाने लगे हैं, जिससे उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार ई-रिक्शा को आंतरिक सड़कों तक सीमित रहना चाहिए, लेकिन वे अस्पताल, हटली मोड़ और लखनपुर तक सवारियां ढो रहे हैं। कई ई-रिक्शा पंजाब के माधोपुर और पठानकोट तक भी जाते देखे जा सकते हैं। विरोध करने पर कुछ चालक अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
वहीं, आरटीओ सुरेंद्र पाल शर्मा ने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ई-रिक्शा चलता मिला तो विभाग उसकी गाड़ी सीज करेगा और भारी चालान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग पहले भी इस तरह के वाहनों पर कार्रवाई कर चुका है। कई बार ई-रिक्शा चालकों को रोककर यात्रियों को दूसरी गाड़ियों में भेजा गया है। आरटीओ ने कहा कि अब नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।