बिलावर। संगैड गांव में जारी क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए मैच में दरूंग-11 की टीम ने पवन-11 की टीम को छह विकेट से मात देकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
पवन-11 के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 10 ओवर के मैच में आठ विकेट गंवाकर केवल 43 रन ही बना सकी। दरूंग-11 के गेंदबाज वीरेंद्र ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरूंग-11 की टीम के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को आठवें ओवर में चार विकेट गंवाकर पूरा कर लिया। लिहाजा, दरूंग-11 की टीम ने छह विकेट से मैच जीत लिया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए दरूंग के गेंदबाज वरिंदर को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि रविवार को संगैड प्रीमियर क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के अगले दौर के मैच खेले जाएंगे। संवाद