कठुआ। पुलिस ने चक सरदार देसा सिंह के नशा तस्कर की कुल 20 लाख की संपत्ति कुर्क की है।
कुर्क संपत्ति नशा तस्कर ने अवैध तरीके नशे के कारोबार से अर्जित की है। इसमें ड्रग तस्कर का 20.03 लाख रुपये का आवासीय मकान और 11 लाख की जमीन शामिल है। आरोपी नशा तस्कर के खिलाफ पुलिस थाना कठुआ और लखनपुर में एनडीपीएस के विभिन्न मामले दर्ज हैं। वह जिला उधमपुर जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद है।
पुलिस की ओर से कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई है। थाना प्रभारी कठुआ संदीप सिंह चिब ने जांच में पाया कि आरोपी तस्कर ने यह संपत्ति ड्रग के अवैध तरीके से कारोबार से अर्जित की है। इसके बाद पुलिस ने डीएसपी कार्यालय रविंदर सिंह के मार्गदर्शन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
नशा तस्कर की संपत्ति चक सरदार देसा सिंह स्थित खसरा नंबर 177 के तहत एक मंजिला आवासीय घर है। इसमें बेसमेंट 1,466 वर्ग फीट है, जिसकी कीमत करीब 20.03 लाख रुपये बताई जा रही है। उसकी अचल भूमि की कीमत लगभग 11 लाख रुपये है।
आरोपी तस्कर की पहचान चक सरदार देसा सिंह कठुआ निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी तस्कर के परिवार के सदस्यों को कुर्क की गई संपत्ति की खरीद, बिक्री और हस्तांतरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
5 किलो, 700 ग्राम भुक्की बरामद
रामकोट। खुफिया पुलिस विभाग की सूचना के आधार पर रामकोट पुलिस ने वीरवार को उज्ज पुल इलाके में नाका लगाकर एक व्यक्ति को भुक्की के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस चौकी प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से लगाए गए उज्ज पुल नाके में तलाशी अभियान के दौरान बॉम्बेयाल पठानकोट निवासी बलवीर कुमार से प्रतिबंधित 5 किलो, 700 ग्राम भुक्की बरामद की गई। पुलिस ने उसकी बाइक को भी कब्जे में ले लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।