पंजाब के दीनानगर से अटल सेतु पहुंचे युवक ने सोमवार देर शाम अटल सेतु की रेलिंग से रंजीत सागर झील में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही बसोहली और पंजाब की पुलिस टीमें अटल सेतु के मध्य घटनास्थल पर पहुंचीं। यहां नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन और बसोहली पुलिस ने इसे पंजाब की हद का इलाका बताया। इसके साथ ही मामले में छानबीन की जिम्मेदारी पंजाब पुलिस को सौंपी।
उधर, देर शाम तक झील में कूदे युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस दौरान युवक के अन्य साथियों ने बताया कि वह पंजाब से यहां होली मनाने और घूमने आए थे। झील में कूदने वाला युवक बिहार का रहने वाला था, जो पंजाब के दीनानगर में काम कर रहा था। बताया कि उक्त युवक ने कपड़े उतारने के बाद रंजीत सागर झील में छलांग लगा दी। साथियों का कहना है कि उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। घटना के बाद अटल सेतु पुल पर लोगों का जमावड़ा लग गया।