लखनपुर में परिवहन विभाग के आयुक्त अधिकारियों से बातचीत करते हुए। संवाद
- विशेष पॉल महाजन ने लखनपुर का किया दौरा, बोले-बिना दस्तावेज प्रदेश में दौड़ने वाले टिप्परों को जब्त किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। संभाग में लंबित पड़ी ड्राइविंग लाइसेंसों की प्रिंटिंग प्रक्रिया अगले दस दिन में शुरू हो जाएगी और लोगों को प्रिंट हुए लाइसेंस मिलने आरंभ हो जाएंगे। यह बात कठुआ पहुंचे परिवहन आयुक्त विशेष पॉल महाजन ने कही।
उन्होंने बताया कि किसी तकनीकी दिक्कत के चलते यह प्रक्रिया रुकी हुई थी लेकिन अब समाधान तलाश लिया गया है और लोगों को जल्द राहत मिल जाएगी। परिवहन आयुक्त पदभार संभालने के बाद कठुआ में परिवहन विभाग के कामकाज की समीक्षा करने पहुंचे थे। कठुआ में रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे जम्मू आरटीओ पंकज बगोत्रा ने परिवहन आयुक्त को कठुआ में आरटीओ कार्यालय के कामकाज के साथ साथ अन्य जरूरतों से भी अवगत करवाया। बताया कि लखनपुर में चेक पोस्ट के जरिए प्रदेश में आने वाले वाहनों की नियमित निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने आरटीओ कार्यालय के ट्रायल मैदान के लिए चिन्हित जगह का मामला भी परिवहन आयुक्त के संज्ञान में लाया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उठे मुद्दों पर भी विस्तार से बात की गई। परिवहन आयुक्त ने बताया कि लखनपुर में विभागीय कामकाज की समीक्षा की गई है। यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश में दाखिल होने वाला कोई भी वाहन बिना वैध दस्तावेजों के ना आ सके। ओवरलोडिंग और अनफिट वाहनों पर शिकंजा कसने के भी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि बिना दस्तावेज प्रदेश में दौड़ने वाले टिप्परों को जब्त किया जाएगा।
परिवहन आयुक्त ने बताया कि आरटीओ की ओर से यातायात नियमों को लेकर विशेष रूप से दोपहिया वाहनों को लेकर अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन इस अभियान के तहत 28 लोगों के चालान किए गए हैं। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई है। इसके बाद परिवहन आयुक्त ने ट्रायल के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचे अभ्यर्थियों से भी बात की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रायल के दौरान अभ्यर्थियों को यातायात नियमों के संबंध में भी जानकारी दी जाए। इसके बाद उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति के चेयरमैन डीसी कठुआ से भी मुलाकात की।