वीरवार रात छन्न अरोड़ियां के नजदीक एक तीखे मोड़ पर पलटे गैस टैंकर से कूद जाने से चालक की जान बच गई। शुक्रवार को वाहन चालक सतविंद्र्र सिंह ने बताया कि वह जम्मू की ओर आ रहा था।
इसी बीच छन्न अरोड़ियों के नजदीक उसे नींद की झपकी आई, जिससे कुछ ही सेकेंड में टैंकर नियंत्रण से बाहर हो गया। चालक ने बताया कि जैसे ही ट्रक पलटा और चिंगारियां निकलने लगी, तो वह कूद गया। इसके साथ ही टैंकर में एक तेज धमाका हो गया।
घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और उसको पहले राजबाग थाने और उसके बाद उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
गौरतलब है कि वीरवार की रात साढ़े नौ बजे के लगभग बेकाबू टैंकर छन्न अरोड़ियां के नजदीक पलट गया था। वाहन में लगी आग डेढ़ घंटे बाद बुझाई जा सकी थी। इस दौरान हाईवे पर यातायात भी पूरी तरह से ठप रहा। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।