महानपुर। कस्बे और आसपास के इलाकों में कई हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। दिन प्रतिदिन समस्या बढ़ती जा रही है। जिसे लेकर कस्बे का एक शिष्टमंडल सरपंच एवं व्यापार मंडल प्रधान सोहन लाल गुप्ता की अध्यक्षता में नायब तहसीलदार पूर्ण चंद से मिला।
शिष्टमंडल की अध्यक्षता करते हुए सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि कस्बे के तीन मुख्य हैंडपंप खराब पड़े हैं। पिछले दिनों एडीसी के दौरे के दौरान और उससे पूर्व कई बैठकों में इस मांग को रख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया। गर्मी के दिनों में लोग सप्लाई का पानी न आने पर हैंडपंप के पानी से काम चला लेते थे। उन्होंने नायब तहसीलदार से मांग की है कि वह हैंडपंप ठीक कराने के लिए उचित कदम उठाएं। नायब तहसीलदार ने शिष्टमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।