पंजाब और जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए पसंदीदा मनोरंजन स्थल बना कठुआ का ड्रीमलैंड पार्क
कठुआ। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद उमस ने लोगों का जीना मुहाल किया है। शनिवार को दिनभर बादलों की आंखमिचौली के बीच दिनभर उमस ने लोगों को बेहाल किया। ग्रामीण इलाकों में बिजली की भारी कटौती ने आग में घी का काम किया। शहर के बीचोबीच ड्रीमलैंड पार्क लोगों के लिए गर्मी पाने का सबसे बड़ा जरिया बना हुआ है। शनिवार सुबह 10 से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया और शाम तक नहर में डुबकी लगाने वालों का तांता लगा हुआ था।
कठुआ में वंडरलैंड जैसी फील देने वाला शहर का ड्रीमलैंड पार्क गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों की पहली पंसद बना हुआ है। ठंडे पानी के बीच डुबकी लगाकर राहत पाने वालों में सबसे ज्यादा संख्या कठुआ से सटे पंजाब के इलाके से आए लोगों की है। नहर में राहत की डुबकी लगाने आए पठानकाेट के शिवम, निहारिका, रौनक और जसविंद्र ने बताया कि उनके लिए नजदीक में यह सबसे बेहतरीन जगह है, जहां कुछ ही समय में पहुंचा जा सकता है और गर्मी से राहत पाई जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कठुआ में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।