संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। विधायक डॉ. भारत भूषण ने शिक्षा मंत्री सकीना इटू और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जावेद अहमद डार से अलग-अलग मुलाकात कर विधानसभा के विभिन्न मुद्दों से अवगत करवाया है। शनिवार को डॉ. भूषण ने जावेद अहमद डार से बैठक कर सीडी एवं पंचायत योजना के तहत धनराशि जारी करने का अनुरोध किया।
इसके लिए सभी विधायकों ने प्रस्तावित कार्यों की सूची पहले ही सरकार को दी जा चुकी है और उसके लिए तकनीकी व्यवहार्यता अभ्यास को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा मंत्री सकीना इटू से अलग से मुलाकात कर उन्हें स्कूल निर्माण के लिए जिन लोगों ने अपनी भूमि उपलब्ध करवाई थी, उन्हें शिक्षा विभाग में जल्द रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की गई। डॉ. भूषण ने शिक्षा मंत्री को बताया कि स्कूल निर्माण के भूमि देने वाले परिवारों ने विभाग में नियुक्ति के प्रासंगिक कागजात बहुत पहले ही प्रशासनिक विभाग को सौंप दिए गए थे, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लिहाजा उनकी नियुक्ति में तेजी लाई जाए। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा मंत्री से जिले के मास्टर और लेक्चरर ग्रेड शिक्षकों जो पिछले कई सालों से हार्ड जोन में सेवाएं दे रहे है उन्हें जल्द जिले में ट्रांसफर करने की वकालत की गई। इस मौके पर विधायक ने अपनी विधानसभा के डिलवां, लखनपुर और खोख्याल हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिए जाने की मांग की है। दोनों मंत्रियों ने विधायक को उनके विभागों के संबंधित मुद्दों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।