पेयजल संकट से निपटने को बसोहली प्रशासन ने कसी कमर
एडीसी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
कठुआ। उपजिला बसोहली में पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित रखने के लिए एडीसी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीसी पंकज भगोत्रा ने जल शक्ति विभाग को क्षेत्र में नल से पेयजल आपूर्ति रोजाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वह पेयजल को बर्बाद न होने दें और पेयजल की लंबित राशि का भुगतान शीघ्र करें।
उन्होंने टैंकरों के साथ लंबी पाइप रखने के लिए भी कहा। उन्होंने सहायक अभियंता मैकेनिकल जल शक्ति विभाग को बताया कि गर्मी के दिनों में पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अपने पंपिंग स्टेशन पर अतिरिक्त मोटर सुनिश्चित रखें। एक मोटर खराब होने की सूरत में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बाधित न हो। सहायक कार्यकारी अभियंता ने बताया कि बसोहली नगर में जल शक्ति विभाग के कई उपभोक्ताओं का लगभग 77 लाख रुपये का किराया शेष है और बसोहली नगर में पेयजल व्यवस्था को अपग्रेड करने के लिए अमृत परियोजना के तहत शीघ्र काम शुरू हो जाएगा। अधिकारी ने बताया कि जिस क्षेत्र में भी टैंकर से पेयजल की आवश्यकता हो तो नागरिक जेई तरुण शर्मा से मोबाइल नंबर 9419108510 पर संपर्क कर सकते हैं।
भूजल विभाग के जेई ने बताया के विगत दिवस से उन्होंने हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य महानपुर से शुरू किया है और बसोहली उप जिला में लगभग 70 हैंडपंप डेढ़ महीने के भीतर ठीक कर लिए जाएंगे। इनके लिए बसोहली के विधायक दर्शन सिंह ने एमएलए फंड से 6,37,500 रुपये जारी किए हैं। एडीसी ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का टाइम टेबल चार्ट उन्हें सौंपें और उन्होंने अधिकारियों को बताया कि मंगलवार को वह खुद पंपिंग स्टेशनों का दौरा करेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा, एईई सिविल जल शक्ति विभाग योगेश शर्मा, एई सिविल जल शक्ति विभाग नितिन, एई मैकेनिकल जल शक्ति विभाग संसार संजान, जेई भूजल विभाग अरुण देव सिंह के अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के जेई और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद