संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/हीरानगर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हीरानगर के छात्रों ने सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। कक्षा 10 में दिव्यांश शर्मा और नंदिनी शर्मा ने 96.6% अंक प्राप्त किए, जबकि कक्षा 12वीं में विज्ञान वर्ग में मृदुल शर्मा ने 95.4% अंक के साथ विद्यालय में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मृदुल ने बताया कि उनका रुझान तकनीक की ओर है। ऐसे में वो कंप्यूटर साइंस में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। हीरानगर के वार्ड 10 निवासी मृदुल के अच्छे परिणाम के बाद घर पर भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वहीं, स्नेहा शर्मा ने मेडिकल स्ट्रीम में 93.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। हीरानगर के वार्ड दस निवासी स्नेहा ने नीट की परीक्षा दी है।
प्रधानाचार्य नरिंदर चुंबर ने सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके प्रयासों का परिणाम है। बताया कि कक्षा दसवीं के परिणामों में स्कूल के दिव्यांश शर्मा ओर नंदिनी शर्मा ने 96.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं सुहानी शर्मा ने 92.8 प्रतिशत, जतिन कुमार ने 90.4 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है।