एसडीएम ने राजस्व विभाग के साथ बैठक की, सभी ने सुधार के दिए सुझावकठुआ। एसडीएम बनी संदीप कुमार ने वीरवार को कार्यभार संभालने के साथ ही राजस्व विभाग के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावशाली और जनहितकारी बनाना था।
बैठक में तहसीलदार बनी, नायब तहसीलदार बनी, लोआंग, बैकन, डुग्गन के राजस्व अधिकारी पटवारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सुधार के सुझाव दिए। एसडीएम बनी ने बैठक के दौरान भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और आमजन को समय पर जरूरी दस्तावेज़ उपलब्ध करवाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यों में ईमानदारी और तत्परता बनाए रखें।
एसडीएम ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य है कि जनता को बिना किसी कठिनाई के समय पर और सटीक सेवाएं मिलें। रेवेन्यू विभाग की कार्यप्रणाली सीधे आम लोगों से जुड़ी होती है, इसलिए हमें इसकी गुणवत्ता और पारदर्शिता में निरंतर सुधार लाना होगा। इस दिशा में हमारा प्रयास लगातार जारी रहेगा। संवाद