पस्सियां गिरने से मोथाली के पास बंद हुआ बनी बसोहली मार्गजागरूक पाठक
हीरानगर। लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नदी-नालों ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तरनाह नाला में बाढ़ के कारण चड़वाल के नजदीक नाले में एक्सप्रेसवे के पुल का निर्माण कर रही कंपनी के मजदूरों की तीन झुग्गियां पानी के तेज बहाव में बह गई। गनीमत यह रही की समय रहते मजदूर इन्हें खाली कर निकल गए और भाग कर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ सुबह आई, जिसकी वजह से समय रहते मजदूरों को इसका आभास हो गया और उन्हें यहां से निकलने का मौका मिल गया। यदि बाढ़ रात को आती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। अभी भी यहां लगातार भूमि कटाव हो रहा है जिससे अन्य झुग्गियों को भी खतरा बना हुआ है। फिलहाल सभी झुग्गियों को खाली कर दिया गया है।
वहीं तरनाह में पानी के तेज बहाव से उपजाऊ भूमि का भी कटाव हुआ है। जिसका जायजा लेने के लिए एसडीएम फुलेल सिंह ने इलाके का दौरा भी किया। दयाला चक बिलावर सड़क पर प्रांजलि में नाले में जलस्तर बढ़ने से एक ट्रक फस गया। जिसकी वजह से करीब 3 घंटे तक इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। यातायात विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाल कर यातायात सुचारू किया।
सीमावर्ती इलाके को बिजली आपूर्ति सप्लाई के लिए छन्न चरखडी में बने पावर हाउस को जुड़ने वाले हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पानी में बहने के कारण देर शाम तक कई सीमावर्ती इलाकों में बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप रही।