जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम 15 दिसंबर को इस साल छठी पुलिस मार्टीयर्स क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन स्थल होगा। प्रतियोगिता शुरु होने में एक दिन ही शेष बचा है।
बाइस गज की पट्टी पर जहां गेंद और बल्ले से बीच मुकाबला होगा, तो वहीं मैदान के बाहर सर्दी और लोगों के जुनून में कौन जीतेगा इस पर सबकी नजर होगी।
बहरहाल प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पिच भी तैयार है और खिलाड़ी भी। इसके साथ ही मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए कमेटियों की तैयारी भी पूरी हो चुकी है।
15 दिसंबर को एडीजीपी एसपी वैद्य प्रतियोगिता का आगाज करवाने के लिए जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक ही टीम का हिस्सा रह चुके खिलाड़ियों के बीच 15
दिसंबर को मुकाबला देखने को मिल सकता है।
पहले ही मुकाबले में
भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके दो खिलाड़ी विरोधी टीमों की ओर से खेलेंगे।
एक तरफ जहां एक बार की उपविजेता टीम विक्की इलेवन में दिनेश मोंगियां
होंगे, वहीं दूसरी टीम मिनर्वा क्रिकेट अकादमी में मनप्रीत सिंह गोनी टीम
का हिस्सा होंगे।
ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने
का मौका स्थानीय खिलाड़ी नहीं गंवाना चाहते, तो दर्शक भी इन खिलाड़ियों की
प्रतिभा देखने के लिए उत्सुक हैं। 15 दिसंबर को दोनों हसरतें पूरी होंगी और
शुरू होगा क्रिकेट का महासंग्राम।
रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम की पिच कमेटी ने सुबह से पिच को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी। सबसे पहले पिच को पानी देकर गीला किया गया और उसके बाद दिनभर रोलर से पिच को खेलने के लिए तैयार किया गया।
बतातें चले कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले पांच सालों से इस प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। ऐसे में छठे साल में प्रतियोगिता के पहले चरण में लीग मैच होंगे और उसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से नाक आउट दौर शुरू हो जाएगा।
शहीद वेलफेयर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस बार विजेता टीम को 2.75 लाख रुपये इनामी राशि के साथ ट्राफी दी जाएगी। उपविजेता टीम को दो लाख रुपये और ट्राफी दी जाएगी।
मैच आफ द सीरीज का इनाम इस बार आल्टो के10 होगी। ऐसे में बड़े इनाम और कार का कौतूहल खिलाड़ियों को मैदान में जोश से भरेगा।
कुल सोलह टीमों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता में छह टीमें राज्य की होंगी, जबकि दस टीमें राज्य के बाहर की होंगी। ऐसे में एक दिन बाद शहर के साथ पूरे नार्थ जोन का माहौल क्रिकेट के रंग में रंगने वाला है।