लोगों को आश्वस्त करते डीआईजी जम्मू कठुआ सांबा रेंज शिव कुमार शर्मा
- लोगों ने उपजिला अस्पताल के बाहर घेराव भी किया
-थाना प्रभारी मल्हार के तबादले का दिया भरोसा,
- कहा एसपी ऑपरेशन के संबंध में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिन परिवार के लोग इस दुनिया से चले गए हैं उनके साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस की संवेदना हैं। हम उनके दुख में शामिल हैं। जांच के लिए टीम गठित की गई है। क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ग्रामीण सुरक्षा गार्ड (वीडीजी) को और मजबूत किया जाएगा। यह बातें बिलावर में डीआईजी जम्मू-कठुआ-सांबा रेंज शिव कुमार शर्मा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा ग्रिड में शामिल होने वाले युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के साथ मिलकर उस इलाके को और सुरक्षित किया जाए। कहा कि यह वक्त मिलकर काम करने का है। एसओजी के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं। आतंकी गतिविधि की संभावना पर उन्होंने कहा कि हर एंगल पर काम किया जा रहा है, जल्द ही नतीजे सामने आएंगे। अभी जांच का मामला है, तफ्तीश आगे बढ़ेगी जानकारी साझा की जाएगी।
इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर सार्वजनिक रूप से मल्हार थाना प्रभारी का तबादला करने का आश्वासन भी दिया। कहा कि एसपी ऑपरेशन का तबादला उनके हाथ में नहीं है। लिहाजा उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी। हालांकि आदेश की प्रति न मिलने और कार्रवाई न होने पर लोगों ने इसके बाद दोपहर चार बजे उन्हें जम्मू की ओर नहीं लौटने दिया और उपजिला अस्पताल के बाहर घेराव भी किया। जिसके बाद डीआईजी बिलावर की ओर चले गए। ज्ञात रहे कि बिलावर में तीन नागरिकों की निर्मम हत्या के बाद से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। लोगों में जहां मामले को लेकर भारी रोष है वहीं असुरक्षा की भावना भी पैदा हो गई है।