जोडेयां माता मंदिर में सुबह पहुंची निशान यात्रा में शामिल भक्त और मंदिर के पुजारी संवाद
शारदीय नवरात्र के छठे दिन जिले के देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ा है। रविवार को सुबह से ही मंदिरों में मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना के लिए देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां मंदिरों में सुबह से भक्तों के आने क्रम जो एक बार जब शुरू हुआ तो देर रात तक अनवरत जारी रहा।
जिले के देवी मंदिरों में महाकाली मंदिर जसरोटा, नगरी स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर, सुकराला माता बिलावर और किले माता मंदिर हीरानगर में हजारों की संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन किए। सबसे ज्यादा भक्तों की भीड़ बनी के दूर दराज जोड़ेयां माता मंदिर में देखने को मिली। जहां भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। जिसके कारण मंदिर परिसर में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं और मंदिरों के आसपास माता के जयघोष देवी गीत गुंजायमान होते रहे।
इस दौरान जहां मंदिर कमेटियों की ओर से माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए भंडारों का आयोजन किया गया था। जिसमें भक्तों को सात्विक भोजन के साथ व्रत रखकर आने वाले भक्तों को फलाहार परोसा गया। वहीं, इस दौरान मंदिरों के आसपास लगने वाले मेलों में भी खूब भीड़ दिखी। जिसमें बच्चों ने झूलों का आनंद लिया तो महिलाओं ने वहां सजी दुकानों खरीदारी की।