शिमला के इस स्मारक की तरह तैयार होगा कठुआ का शहीदी चौक
- नौ लाख की लागत से होगा नवनिर्माण, बलिदानियों को समर्पित पट्टिका भी स्थापित की जाएगी
खास खबर का लोगो लगाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कारगिल युद्ध के बाद जिले से देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानी जवानों को समर्पित शहर का शहीदी चौक जल्द ही और भव्य रूप में नजर आएगा। देश की आन, बान और शान तिरंगे के साथ देश के शूरवीरों की प्रतिमा इस चौक पर दिखाई देगी जो युवाओं में देशप्रेम की अलख जगाने के साथ शहर में आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दरअसल, नगर परिषद कठुआ की ओर से लगभग नौ लाख की लागत से शहर के शहीदी चौक को नए रूप में तैयार करने की तैयारी की गई है। हिमाचल के शिमला में स्थापित कारगिल युद्ध में देश के वीर जवानों के शौर्य को दर्शाती भव्य प्रतिमा यहां भी लगाए जाने की योजना है। स्मारक पर बाकायदा बलिदानियों की पट्टिका भी लगाई जाएंगी। कठुआ शहर के बीचोंबीच स्थित यह चौक विभिन्न आयोजनों के लिए जाना जाता रहा है।
पूर्व में शहीदों को समर्पित किए जाने वाले आयोजनों का आधार बनने के साथ ही इस चौक ने शहर के विकास को काफी करीब से देखा है। कठुआ के बीच से गुजरती खड्ड से दो हिस्सों में बंटने वाले शहर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी यहीं से होकर गुजरता है। उधर, मुख्य बाजार, मुखर्जी चौक, नगरी अड्डा चौक को जाने वाले पुराने मार्ग के साथ यह तिराहा रोजाना लाखों लाेगों की आवाजाही का गवाह भी बनता है। नगर परिषद का प्रयास इस चौक को शहर की सौंदर्यीकरण योजना के बीच स्मारक को भव्य बनाने का है।
नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि शहर के शहीदी चौक का भव्य स्वरूप आने वाले समय में युवाओं को देशप्रेम के लिए प्रेरित करता नजर आएगा। योजना है कि देशभक्ति से जुड़ी एक भव्य प्रतिमा यहां स्थापित की जाए। जो देश के वीर शहीदों के गौरव को दुनिया के सामने लाए और इस चौक की गरिमा को भी बनाए रखे। जल्द ही इसे लेकर काम शुरू करने की योजना है।