आपदा पीड़ित परिवारों से मिलते उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरीसंवाद
कठुआ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सोमवार को भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित जिले के घाटी और जोड़ खड्ड गांवों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर सहयोग और पुनर्वास का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध और पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके बाद सुरिंदर चौधरी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ में भर्ती घायल व्यक्तियों से मुलाकात की और अस्पताल प्रशासन को उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने पठानकोट स्थित सैन्य अस्पताल में भी घायलों का हालचाल लिया और वहां भी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जम्मू प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया और कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेतृत्व राहत कार्यों में पीड़ितों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचा रहे हैं। इस दौरान वरिष्ठ पार्टी नेता बिमला लुथरा, विजय लोचन, राकेश सिंह राका, श्याम नारायण मेहता, अजीत कुमार शर्मा, धर्मपाल कुंडल, देवेंद्र मेहता और प्रवीन कौसर उपस्थित रहे।