सड़क संपर्क की स्थिति खराब होने और नियमित बस सेवा उपलब्ध न होने से बनी से कठुआ पहुंचने में लगता है 6 से 7 घंटे का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ । जिला कठुआ की दूरस्थ तहसील बनी के लोगों ने पंजाब के पठानकोट और हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन दोनों क्षेत्रों में बसे उनके परिजनों के कारण लगातार आवा-जाही होती रहती है, लेकिन सीधी परिवहन सुविधा न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार, मनोज सिंह, सुशील कुमार और बिशन दास आदि ने बताया कि बनी की जिला मुख्यालय कठुआ से दूरी लगभग 180 किलोमीटर है। सड़क संपर्क की स्थिति खराब होने और नियमित बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण बनी से कठुआ पहुंचने में 6 से 7 घंटे का समय लग जाता है।
वहीं, बनी से पठानकोट की दूरी करीब 150 किलोमीटर है और सड़क स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। इसी प्रकार, हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की दूरी बनी से महज 125 किलोमीटर है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि बनी से पठानकोट और चंबा के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जाती हैं, तो न केवल क्षेत्रवासियों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय लोगों ने सरकार से अपील की है कि वे इस आवश्यक परिवहन सुविधा को शीघ्रातिशीघ्र प्रारंभ करें।