बिलावर। मांडली गांव के लोगों ने बैंक प्रबंधकों से उनके गांव में एटीएम स्थापित करने की मांग की है। स्थानीय दुकानदार सुभाष गुप्ता ने बताया के एटीएम की सुविधा ना होने के कारण लोगों को पैसे निकलवाने के लिए फिंतर या फिर गुड़ा जाना पड़ता है, जो गांव से 6 और 7 किलोमीटर की दूरी पर है। स्थानीय सतपाल ने कहा कि कई बार लोगों को रात के समय में रुपयों की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में लोगों को कई किलोमीटर दूर जाकर अन्य गांव में स्थित एटीएम से रुपये निकालते हैं। स्थानीय विद्यासागर ने बताया के हर दिन मांडली चौक पर दूर-दराज और अन्य कई क्षेत्रों से कई लोग कई प्रकार के कामकाज के लिए पहुंचते हैं जिन्हें पैसों की जरूरत पड़ने पर काफी परेशान होना पड़ता है। अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि मांडली गांव के साथ-साथ किशनपुर, डूंगाडा, दरुंग, डिंगी सिमबली, बजवाल और अन्य कई गांवों में एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है जिसके चलते जरूरत पड़ने पर लोगों को पैसे निकलवाने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। लोगों ने कहा मांडली और उसके आसपास के कई गांवों की आबादी लगभग 10 हजार के करीब है और आज तक बैंक प्रबंधकों की ओर से कोई भी एटीएम आसपास के इलाके में स्थापित नहीं किया गया है। लोगों ने बैंक प्रबंधकों से मांग की है कि जल्द से जल्द मांडली गांव में एटीएम स्थापित किया जाए जिससे लोगों को एटीएम की सुविधा उनके आसपास के इलाके में ही मिल सके। लोगों ने इस संबंध में बैंक प्रबंधकों से जल्द से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है।