कठुआ। गत वर्ष बसोहली कस्बे के वार्ड-7 में नई दुकानों को बनाए जाने की म्यूनिसिपल कमेटी के पूर्व पार्षदों ने मांग उठाई है। सोमवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत सपोलिया के नेतृत्व एडीसी पंकज शर्मा से मिलने पहुंचे पार्षदों ने कमेटी के द्वारा शुरू किए गए प्रयास को अंजाम तक पहुंचाने की मांग की।
इस मौके पर पार्षदों ने एडीसी को बताया कि वार्ड 7 की उक्त भूमि पर दुकानों को बनाए जाने का प्रस्ताव कमेटी के पार्षदों की सहमति से पारित हुआ था। इसके बाद दुकानों को बनाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी हुई, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण निर्माण का कार्य अटक गया। इसे फिर से शुरू किए जाने की जरूरत है।
प्रधान व्यापार मंडल अनिल शर्मा ने कहा कि बसोहली कस्बे का बाजार काफी पुराने जमाने का हैं। कस्बे के इंट्री पॉइंट पर अगर इन दुकानों का निर्माण होता है तो वहां आधुनिक सुविधायुक्त बाजार विकसित होगा।
बसोहली भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत सपोलिया ने एडीसी को बताया कि कुछ लोगों के विरोध के बाद वहां पार्क बनाने की बात चली और दुकानों का निर्माण का कार्य लटक गया। उन्होंने कहा कि पहले ही कस्बे में पहले से बने पार्कों का पर्याप्त संरक्षण नही हो रहा है। अब एक और नए पार्क का निर्माण किए जाने की कवायद किसी भी तरह से प्रासंगिक नही है। इसके विपरीत अगर वहां दुकानों का निर्माण किया जाता है तो इससे नए लोगों को रोजगार का अवसर व कस्बे का विकास भी होगा। लिहाजा इस मामले में लोगों की भावना को देखते हुए ही फैसला लिया जाने की जरूरत है। एडीसी पंकज शर्मा जी ने उनको आश्वासन दिया कि इस मामले में वह प्रयास करेंगे कि म्यूनिसिपल कमेटी के द्वारा पारित प्रस्ताव को प्राथमिकता मिले।