संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। पल्लन, परनाला और सेरी मुनि पंचायत के लोगों को अब कच्चे रास्ते पर नहीं चलना पड़ेगा। कैपेक्स बजट के तहत इन तीनों पंचायतों के अलग-अलग वार्डों में लगभग 84 लाख की राशि खर्च कर 15 गलियों का निर्माण किया गया है।
जिला विकास परिषद के सदस्य विक्रम सिंह ने नवनिर्मित गलियों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग पंचायत में कैपेक्स बजट के तहत 84 लख रुपए की राशि खर्च करके गलियों को लोगों को समर्पित कर दिया है। पूर्व सरपंच वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि परनाला पंचायत में कुछ ऐसे कच्चे रास्ते थे, जिन्हें कई वर्षों बाद भी पक्का नहीं किया गया था। जिला विकास परिषद के सदस्य ने इन गलियों के निर्माण के लिए राशि जारी की जिसके बाद कच्ची गलियों को पक्का कर दिया गया है। बरसात के दिनों में इन सभी रास्तों पर दलदल के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। लोगों ने कहा कि उनके इलाकों में ज्यादातर गलियों को अब पक्का कर दिया गया है, जिससे वह काफी खुश हैं।