रोशनी एक्ट घोटाले में फंसने वालों की फेहरिस्त बहुत लंबी है और बहुत जल्द इन सबके नाम सामने आएंगे। जो भी इसमें शामिल होंगे, उन्हें जेल का रास्ता दिखा कर ही दम लेंगे। यह बात इकजुट जम्मू के संयोजक अंकुर शर्मा ने हिंदू एकता मंच के सदस्य कांत कुमार के निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुई कही। उन्होंने घोषणा की कि इकजुट जम्मू डीडीसी चुनावों के लिए हीरानगर निर्वाचन क्षेत्र से कांत कुमार को समर्थन करेगा।
अंकुर शर्मा ने कहा कि रोशनी घोटाले में अभी बहुत से नाम सामने आने हैं। इसमें भाजपा के नाम इसलिए कम हैं, क्योंकि 2014 में मामला कोर्ट में जाने के बाद इस एक्ट पर स्टे लग गया था। लेकिन जो इस घोटाले में लिप्त हैं, बहुत जल्द बेनकाब होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक सभी बेनकाब नहीं होते और उन्हें जेल नहीं होती, तब तक यह मुहिम जारी रहेगी। जम्मू के लोगों के साथ अब और भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को चुनाव में जवाब दे।