विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की जानकारी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा ने बसोहली का दौरा कर लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी), मिशन युवा, समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) और अन्य विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डाइट बसोहली के कांफ्रेंस हॉल में बैठक की अध्यक्षता की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की जानकारी दी।
बैठक के दौरान मिशन युवा की समीक्षा करते हुए डीसी ने युवाओं के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को अधिकाधिक जनसंपर्क कर पात्र लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एचएडीपी और कृषि क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने और सरकारी हस्तक्षेप व सहयोगात्मक उपायों के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर बल दिया। लोक निर्माण विभाग के कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। डीसी ने अधिकारियों को समन्वय के साथ समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। बाद में डीसी कठुआ ने जवाहर नवोदय विद्यालय बसोहली का दौरा कर संस्थान की सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से बातचीत कर विकासात्मक आवश्यकताओं की समीक्षा की और उठाए गए मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आईएएस प्रोबेशनर निधि, सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।