कठुआ। जिला उपयुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने बैठक कर राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इसमें विभाग की ओर से प्रदान की जाने वाली ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटलीकरण और शिकायत निवारण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।
शनिवार को आयोजित बैठक में जिला उपायुक्त ने डेटा सत्यापन के लिए वेब-आधारित एप्लिकेशन अपडेट और डिजिटाइज्ड राजस्व डेटा के सत्यापन के लिए वेब-आधारित एप्लिकेशन की प्रगति पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनता के लिए परेशानी मुक्त सेवाएं सुनिश्चित की जाएं और ऑनलाइन आवेदनों के निपटान की बारीकी से निगरानी की जानी चाहिए। वहीं, डॉ. मिन्हास ने स्वामित्व योजना के तहत राजस्व अधिकारियों से राजस्व गांवों की मैपिंग प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण किया जाना चाहिए। बैठक में जेएंडके समाधान पोर्टल के माध्यम से दर्ज शिकायतों और शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिसमें शिकायतों पर तेजी से समाधान करने पर जोर दिया गया और कहा गया कि सभी लंबित मुद्दों को तुरंत हल किया जाए। इस मौके पर डीसी ने राजस्व विभाग के विभिन्न स्तरों पर ई-ऑफिस कार्यान्वयन की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने राजस्व विभाग के समग्र कामकाज में सुधार के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और दोहराया कि विभाग को जनता को सेवाएं प्रदान करने में उत्तरदायी, पारदर्शी और कुशल होना चाहिए।