कठुआ। जिला उपायुक्त कार्यालय के सभागार में संकल्प योजना के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित समारोह में जिला उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने योजना के तहत 25 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इन लाभार्थियों ने हाल ही में चिनाब टेक्सटाइल मिल्स में ऑटोकॉनर टेंटर और रिंग फ्रेम डॉफर में विशेष प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के दौरान लाभार्थियों ने उद्योग-संबंधित विशेषज्ञता हासिल की गई। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में दौरान डॉ. मिन्हास ने कुशल कार्यबल को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कठुआ के विभिन्न इलाकों में औद्योगिक क्षेत्र का बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। लिहाजा युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से कैरियर चुनना चाहिए। इससे न केवल औद्योगिक जरूरत पूरी होगी, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
इस मौके पर जिला उपयुक्त ने इच्छुक पेशेवरों को स्थायी कैरियर विकास के लिए बाजार की जरूरतों के साथ अपने कौशल को संरेखित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में अधीक्षक आईटीआई कठुआ इंजीनियर अजय कुमार, प्रशिक्षण प्रमुख सीटीएम संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों मौजूद रहे। संवाद