- डॉ. राकेश मिन्हास ने 16 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन उपलब्ध करवाने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने पोषण परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया गया।
डॉ. मिन्हास ने किराये के मकानों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी सरकारी स्कूल परिसर में स्थानांतरित किए जा रहे विभाग के कार्य की भी समीक्षा की। बता दें कि जिला भर में 143 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें से 127 सरकारी स्कूलों की पहचान पहले ही की जा चुकी है। इसके अलावा जिला उपायुक्त ने एसीआर कठुआ को संबंधित तहसीलदारों से बातचीत कर 16 आंगनबाड़ी केंद्रों को उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाने का भी निर्देश दिया है। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) और लाडली बेटी योजना सहित प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के तहत भौतिक और वित्तीय उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।
इसमें प्रोजेक्ट आफिसर पोषण शौकत महमूद ने विभिन्न परियोजना चरणों के तहत संगिनी और सहायिकाओं की भर्ती की प्रगति की सूचना जिला उपायुक्त को उपलब्ध करवाई गई। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आंगनबाड़ी और सरकारी स्कूलों में नामांकित बच्चों की आवधिक स्वास्थ्य जांच के आंकड़े नियमित रूप से साझा करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर एसीआर कठुआ विश्व प्रताप सिंह, एसीडी अखिल सदोत्रा, सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीईपीओ करमजीत सिंह और सीडीपीओ बैठक में उपस्थित रहे।