लोगों ने उठाई मरम्मत और सड़क को चौड़ा करने की मांग
बनी। बनी से धमान तक की मुख्य सड़क इन दिनों खस्ताहाल स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे, धंसी हुई परतें और टूटी सड़क न केवल लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को प्रभावित कर रही है, बल्कि हर मोड़ पर दुर्घटना का खतरा भी मंडरा रहा है। संकरी और जर्जर हो चुकी यह सड़क क्षेत्र के लिए रीढ़ की हड्डी मानी जाती है, जिससे जुड़ी 10 पंचायतों की 25000 से अधिक आबादी निर्भर है।
यह सड़क दुल्हनंगल, भकोगा, चलोग, डुग्गन, ढग्गर, धमान,भोलिड़ी, चक सूरजन, पन्यालग के निवासियों के लिए एकमात्र प्रमुख संपर्क मार्ग है। जब के कांथल पंचायत का कुछ हिस्सा इसी पर निर्भर है। इस सड़क का पहला चरण बनी से चलोग तक वर्ष 2014 में बनाया गया था, जिसकी लागत 7 करोड़ रुपये से अधिक रही और निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत वर्ष 2016 में सड़क निर्माण शुरू हुआ, जो 2019 के अंत में पूर्ण हुआ और 2022 में ब्लैक टॉपिंग की गई। हालांकि, कुछ ही वर्षों में सड़क दोबारा जर्जर हो चुकी है। संवाद
विभाग की ओर ससे समय-समय पर मरम्मत की जाती है, लेकिन कुछ ही हफ्तों में हालात फिर वही हो जाते हैं। सड़क का मरम्मत किया हिस्सा टिक नहीं पाता। हर बार बारिश में सड़क और भी खराब हो जाती है। एंबुलेंस या दूसरी गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पातीं। कई बार मरीजों को खाट पर उठाकर ले जाना पड़ता है।
रफीक वाणी, स्थानीय निवासी
सड़क की चौड़ाई पर चिंता जताते हुए कहा, सड़क इतनी तंग है कि कई बार वाहन संतुलन खो बैठते हैं। टायर सड़क से बाहर चले जाते हैं, जिससे गंभीर हादसे हो चुके हैं। सड़क की चौड़ाई बढ़ाना अब बेहद जरूरी हो गया है। बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है।
ठाकुर दास, पूर्व सरपंच
यह मार्ग क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन इसकी खराब हालत रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना रही है। खासतौर पर जब कोई मेडिकल इमरजेंसी होती है, तो लोगों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतें आती हैं। खराब सड़कों की वजह से कई लोग प्लान बनाकर भी वापस लौट जाते हैं।
पूर्ण चंद ठाकुर, पूर्व सरपंच
.......................
कोट
सड़क की मरम्मत और चौड़ाई को लेकर प्रस्ताव विभाग को भेज दिया गया है। विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही शुरू करने का भरोसा दिलाया है। जल्द ही नई योजना के तहत मरम्मत और चौड़ीकरण कार्य शुरू होगा।
- डॉ. रामेश्वर सिंह, विधायक बनी