हीरानगर। हिंदू मुस्लिम भाईचारे को कायम रखने के उद्देश्य से सोमवार को गुज्जर समुदाय के लोगों ने गांव प्लाई में हिंदू मुस्लिम एकता दंगल का आयोजन किया। इसमें प्रदेश के पहलवानों के अलावा दूसरे राज्यों से आए पहलवानों ने भी हिस्सा लिया।
दंगल का आयोजन मोहम्मद सदीक पोसवाल ने कराया। इसमें डीडीसी सदस्य अभिनंदन शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बक्शी और समाज सेवक अजय शेरपुरिया भी मौजूद रहे। डीडीसी सदस्य ने दंगल के आयोजकों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में आपसी भाईचारे को और मजबूत करती है। आपसी भाईचारे को कायम रखते हुए हम सबको मिलकर देश की बेहतरी के लिए काम करना चाहिए।
अभिनंदन शर्मा ने कहा कि इस तरह के दंगल युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हैं, और नशे जैसी बुरी लतों से बचाने में भी कारगर हैं। इसलिए इसका आयोजन करने वाले युवाओं का हौसला सबको बढ़ाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को सम्मानित भी किया।