रामकोट। क्षेत्र के कोरीथियाल इलाके में बुधवार को वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी माली का मुकाबला बराबरी पर छूटा।
मुख्य अतिथि रहे नगरोटा गुजरू के जिला विकास परिषद सदस्य नारायण दत्त त्रिपाठी और उनके साथ भाजपा मंडल प्रधान टिक्का शर्मा ने मुकाबले शुरू कराए। दंगल में हुए पहले सेमीफाइनल का मुकाबला काका पहलवान आरएस पुरा और अनायत पहलवान मनवाल बीएसएफ के बीच हुआ जिसमें काका पहलवान आरएस पुरा ने जीत हासिल की।
दूसरा सेमीफाइनल सादिक पहलवान रामकोट और जाकर पहलवान ललियां के बीच हुआ जिसमें जाकर पहलवान ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। शाम 7:50 बजे शुरू हुए 31,000 इनामी राशि के लिए दंगल में हुए बड़ी माली के मुकाबले में जाकर पहलवान लल्लियां और काका पहलवान आरएस पुरा के बीच भिड़ंत हुई जो करीब 20 मिनट तक चला और अंत में बराबरी पर खत्म हुआ।
दंगल में स्थानीय, जम्मू कश्मीर के पहलवानों के साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी आदि प्रदेशों से करीब 100 पहलवान पहुंचे। सभी पहलवानों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दंगल देखने पहुंचे एक हजार के करीब दर्शकों की वाहवाही लूटी।
दंगल कमेटी कोरीथियाल के सदस्यों में रामकोट के पूर्व सरपंच परदीप सिंह, केवल सिंह, ताज दीन, संसार चंद, परस राम, करनैल सिंह, नजीर अहमद, सागर सिंह, बलदेव सिंह, पूर्ण बसोतरा, परस राम, पूर्ण चंद आदि ने दंगल परिसर में पहुंचे पहलवानों और दर्शकों का आभार जताया।