मंदिर के पास जमीन धंसने के बाद मौके पर पहुंचे लोग व थाना प्रभारी। संवाद
- फोटो : kathua
बनी। जिले की बनी तहसील में चल रहे बनी-भद्रवाह सड़क निर्माण कार्य के चलते सरथल के गलू में स्थित ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर को नुकसान पहुंचा है। सड़क कटिंग और निर्माण के दौरान मंदिर की दीवारों में दरारें आ गई हैं, और जमीन भी धंसनें लगी है जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।थाना प्रभारी बनी द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। सुशील कुमार, चंद्र मोहन, रोशन मन्हास, अश्वनी कुमार ने निरीक्षण के दौरान बताया कि सड़क निर्माण के कारण मंदिर की संरचना को खतरा उत्पन्न हो गया है, और यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो यह धार्मिक स्थल को गंभीर क्षति पहुंचा सकता है।
स्थानीय लोगों और थाना प्रभारी बनी ने बीआरओ के अधिकारी को कहा कि मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से एक मज़बूत प्रोटेक्शन वॉल यानी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शीतला माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का केंद्र है और इसकी सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। उधर, लोगों ने प्रशासन से भी इस संबंध में जल्द कदम उठाए जाने की गुहार लगाई है। संवाद