कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में हालिया बाढ़ के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान के आकलन के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का मूल्यांकन करने के लिए विशेष समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में संबंधित नायब तहसीलदार, गिरदावर, पंचायत सचिव और पटवारी शामिल होंगे।
प्रत्येक तहसीलदार को इन समितियों के कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है ताकि कोई भी प्रभावित परिवार मूल्यांकन से वंचित न रह जाए। अतिरिक्त उपायुक्त और सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट को मूल्यांकन कार्य की निगरानी करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
मूल्यांकन में कृषि भूमि, फसलें, भवन, पशुधन और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान को शामिल किया जाएगा। पशुधन से संबंधित नुकसान का आकलन मुख्य पशुपालन अधिकारी और जिला भेड़ पालन अधिकारी द्वारा किया जाएगा। वहीं, विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता अपने-अपने क्षेत्र की अधोसंरचना को हुए नुकसान की रिपोर्ट देंगे। नगर पालिका समितियों को भी अपने क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।