- साइकिल फॉर चेंज क्लब ने किया आयोजन, 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। साइकिल रैली का आयोजन कर युवाओं को नशे के खिलाफ संदेश दिया है। साइकिल फॉर चेंज क्लब की ओर से ये आयोजन किया गया। इसमें 500 से अधिक साइकिल सवारों ने भाग लिया। साइकिल रैली को विधायक डॉ. भारत भूषण ने हरी झंडी दिखाकर खेल स्टेडियम से रवाना किया।
साइकिल रैली शहर के विभिन्न मार्गों टांगरी, ड्रीमलैंड पार्क, शहीद सुनील चौधरी चौक और जराई मोड़ से गुजर कर मुखर्जी चौक पर संपन्न हुई। साइकिल सवारों ने पांच किलोमीटर की दूरी तय कर नशे की लत के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य पर साइकिल रैली को खेल विभाग, आबकारी विभाग, सूचना विभाग, जम्मू-कश्मीर पुलिस और जेके प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित किया गया। रैली के बाद मुखर्जी चौक पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में पारंपरिक डोगरी गीतों और नुक्कड़ नाटक से नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के लिए जागरूकता बढ़ाई गई। नशा विरोधी जागरूकता व्याख्यान में विशेषज्ञों ने साइकिल चालकों और प्रतिभागियों को नशीली दवाओं की लत के विनाशकारी प्रभावों और एक स्वस्थ, नशा मुक्त जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया। क्लब के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। वहीं, कमांडर खजूरिया ने युवाओं से नशा मुक्त समाज के लिए इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
इस मौके पर राहुल, क्लब के अतिरिक्त महासचिव दीप शर्मा, मीडिया सचिव मनिंदर सिंह, महासचिव नरिंदर सिंह, सचिन शर्मा, शुभम आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।