कठुआ। जिला भर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सोमवार रात शहर के विभिन्न मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी और उनके जन्म पर मंगल गीत गाकर खुशी का इजहार किया। देर रात तक चले समारोह में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। रात 12 बजे बाल गोपाल के जन्म पर मंदिरों में श्रीकृष्ण के जयकारे, शंख, घंटी-घड़ियाल की गूंज भगवान के आगमन का संदेश दे रही थीं।
श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया। इस दौरान मंदिरों में सजाए गए नंदलाल के पालने को झूलाकर उनकी पूजा-अर्चना की। वहीं, कई स्थानों पर छोटे-छोटे बच्चों को राधा और कृष्ण के रूप में सजा कर उनकी झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन मनमोहक झांकियों को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध रहे।
भगवान के जन्म को लेकर शहर के वार्ड तीन स्थित श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर, वार्ड छह स्थित कृष्ण ज्ञान मंदिर, गोपाल आश्रम, लोअर शिवा नगर स्थित बाबा लाल दयाल मंदिर, लकड़संधा स्थित राधा कृष्ण मंदिर, बेड़िया पत्तन स्थित शिव मंदिर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यहां हजारों भक्तों ने हाजिरी लगाकर नंदलाल का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान शहर के विभिन्न मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। मंदिरों में देर रात संपन्न हुए इन कार्यक्रमों के बाद दूसरे दिन जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए प्रसाद ग्रहण किया। महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित भंडारे में ज्यादा भीड़ देखने को मिली, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।