शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य पर शिवसेना डोगरा फ्रंट की ओर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए 32वीं पवित्र छड़ी यात्रा निकाली गई, जिसे जिला पुलिस के डीएसपी डीआर केडी भगत ने रवाना किया। यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों को नवरात्र की शुभकामना देते हुए उन्हें सरकार द्वारा जारी कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करने के लिए कहा।
सोमवार को माता की इस पवित्र छड़ी यात्रा में शामिल भक्तों द्वारा लगाए जा रहे जयकारों के साथ ढोल नगाड़ों के साथ माता की भक्ति में झूमते हुए भक्तों का काफिल सर्वप्रथम मुख्य बाजार स्थित माता आशापूर्णी के भवन पहुंचा, जहां विधि विधान से माता की छड़ी का पूजन किया गया। इसके बाद शहर में शोभायात्रा निकालते हुए श्रद्धालु कटड़ा स्थित माता वैष्णो के दरबार की ओर प्रस्थान कर गए।
यात्रा के आयोजक शिवसेना डोगरा फ्रंट जिला प्रधान नरेंद्र तागड़ी ने बताया कि महामारी को देखते हुए इस बार यात्रा में आम लोगों को शामिल नहीं किया गया है। इस बार सिर्फ फ्रंट के कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि छड़ी यात्रा में शामिल फ्रंट के सदस्य मां वैष्णो के दरबार में जाकर कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना करेंगे।