आजादी का अमृत महोत्सव समारोह में राष्ट्रीय एकता की भावना पैदा करने के लिए रैलियों का आयोजन किया गया। बुधवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन साइकिल रैली निकाली गई। इसको डीसी राहुल यादव ने रवाना किया। महिला डिग्री कॉलेज से शुरू हुई साइकिल रैली में युवा, छात्रों और स्थानीय लोगों ने शामिल होकर कीड़ियां गंडयाल तक सफर किया। डीसी ने कहा कि साइकिल रैली का उद्देश्य युवाओं को एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और अपनी ऊर्जा को बेहतर तरीके से उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसके बाद समाज कल्याण विभाग के आईसीडीएस प्रोजेक्ट की ओर से बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। इसे नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने शहीद भगत सिंह पार्क से रवाना किया। एडीसी अतुल गुप्ता, एडिशन एसपी रमनीश गुप्ता और आईसीडीएस प्रोजेक्ट की डीपीओ भी मौजूद रहीं। रैली में शामिल आंगनबाड़ी वर्कर्स ने भारत माता की जय और घर-घर संदेश पहुंचाना है, बेटी को बचना है आदि नारे लगाए और शहर के कई इलाकों से गुजरते हुए लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व से अवगत कराया।
एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन ने आजादी का अमृत महोत्सव के समारोहों में आम लोगों को शामिल करने के लिए पहल की है, जिसके लिए इसे एक जन अभियान बनाने के लिए पांच दिवसीय गतिविधि कैलेंडर लांच किया गया है। उन्होंने लोगों से फोटो प्रदर्शनी स्थल का दौरा करने और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की एक सचित्र झलक देखने की अपील की।