शिवरात्रि पर उपमंडल के मंदिरों में रौनक रही। इस दौरान पांडवों द्वारा निर्मित बिल्केश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचे। वीरवार तड़के से देर शाम तक लोग पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचे। इस दौरान बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। बिल्केश्वर महादेव मंदिर के पुजारी मनोहर नाथ ने कहा कि शिवरात्रि पर करीब 10,000 लोगों ने भगवान के दर्शन किए हैं।
उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर में रात को विशेष पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर में लोगों द्वारा स्टाल भी लगाए गए, जहां फल आदि वितरित किए गए। उधर उपमंडल के प्रसिद्ध पंचतीर्थी में स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की और शिव शंभू का गुणगान किया।