बसोहली। करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही बसोहली के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, दुकानें रंग बिरंगी चूड़ियों से सज गई हैं। करवाचौथ पर चूड़ियां व श्रृंगार सामग्री महिलाओं की विशेष पसंद होती है। लंबे समय बाद बाजार में लौटी रौनक से दुकानदार भी काफी उत्साहित हैं।
बाजार में 100 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की डिजाइनर चूड़ियां उपलब्ध हैं। इसमें महिलाओं को रंग बिरंगी, डिजाइनर नगीनों से सजी चूड़ियां ज्यादा पसंद आ रही हैं। दुकानदार इंद्र कुमार पाधा, अनिल पाधा, करण कपूर, अभिनव राजदान, अमित कपूर, हैपी आदि ने बताया कि इस बार करवाचौथ के पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। खरीदारी करने के लिए महिलाओं की काफी भीड़ उमड़ी रही है। ग्राहकों से खरीदारी के साथ सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क का उपयोग करने की भी अपील की जा रही है। वहीं, आगामी दीपावली के त्यौहार को देखते हुए दुकानदारों ने दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं।