- इनका उपयोग ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 के विरुध है, विगत वर्ष डीसी ने बिक्री व इस्तेमाल पर लगाया था प्रतिबंध
-
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सर्दी बढ़ने के साथ ही शहर व आसपास के इलाकों में बिजली की दुकानों पर क्रूड हीटर व पानी गर्म करने वाले बिजली के देसी जुगाड़ की बिक्री तेज हो गई है। गत वर्ष डीसी ने आदेश जारी कर इनकी ब्रिकी पर प्रतिबंध लगाया था। फिलहाल इस पर कोई प्रशासनिक रोक नहीं दिखाई दे रही।
बता दें कि क्रूड हीटर का उपयोग ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 के विरुध है। दरअसल बड़े पैमाने पर इनके इस्तेमाल से बिजली विभाग के ढांचे को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए ही पिछले साल नवंबर के आखिरी सप्ताह में डीसी ने इनके इस्तेमाल पर पाबंदी का आदेश जारी किया था। इसमें इनकी बिक्री और इस्तेमाल दोनों को गैर कानूनी बताते हुए प्रतिबंधित किया था।
मौजूदा समय में ये हर दुकान पर उपलब्ध हैं, लेकिन बाहर से नजर नहीं आते। दुकानदार चोरी-छिपे इन्हें ग्राहकों को उपलब्ध करवा रहे हैं। कई स्थानों पर तो इनकी उपलब्धता किराना की दुकानों पर भी दिख रही है। औद्योगिक क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा इसका कारोबार चल रहा है। क्रूड हीटर व पानी गर्म करने के बिजली के देसी जुगाड़ के कारण बिजली विभाग के ढांचे पर भी अतिरिक्त लोड पड़ता है जिससे नुकसान होने के साथ नियमित बिजली आपूर्ति में बाधा आती है।
कोट...
विभाग क्रूड हीटर व पानी गर्म करने के देसी जुगाड़ के खिलाफ लगातार कार्रवाई को अंजाम देता आ रहा है। इंस्पेक्शन टीमों ने एक साल के दौरान घरों से हजारों की संख्या में क्रूड हीटर व देसी जुगाड़ को बरामद कर उसे नष्ट किया है। वहीं, इनका उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है। बाजार में इनकी आसान उपलब्धता के कारण उपयोग पर पूरी तरह से रोक नहीं लग पाई है। जल्द ही जिला प्रशासन से बात कर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दुकानों पर छापेमारी की जाएगी।
सुनील कुमार शर्मा, सहायक कार्यकारी अभियंता, सबडिवीजन कठुआ