रामकोट। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 121वीं वाहिनी हीरानगर की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया।
डॉ. निधि गुप्ता व डॉ. मोहित मेहरा ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित 285 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। सुबह 11 बजे शिविर का शुभारंभ कमांडेंट अरविंद सिंह ने पूर्व सरपंच प्रदीप सिंह के साथ मिलकर किया।
विज्ञापन
पूर्व सरपंच ने सीआरपीएफ के इस प्रयास को सराहा। कमांडेंट अरविंद सिंह ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सेवाएं प्रदान करने के अलावा सीआरपीएफ स्थानीय जनता के साथ अपना जुड़ाव बढ़ाने के लिए सामाजिक आउटरीच कार्यक्रम भी चलाती है।
क्षेत्र के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं इसलिए इस स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश वर्मा, सीएमओ सुधाकर राय, लेक्चरर राकेश गुप्ता, सहायक कमांडेंट नवनीत सिंह आदि मौजूद रहे। लोगों ने सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया।