बिलावर। जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से बिलावर कस्बे में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इसमें तहसीलदार बिलावर सुरेंद्र सिंह और राजस्व विभाग की टीम के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवानों व हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
एसडीपीओ बिलावर शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा रैली हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य बाजार से गुजरती हुई तहसील कार्यालय बिलावर पहुंची। इसके बाद मुख्य सड़क से होकर रैली दोबारा स्कूल परिसर में पहुंचने के बाद संपन्न हो गई। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और शहीद जवान अमर रहे के जयघोष से पूरा कस्बा गूंज उठा। इस मौके पर एसडीपीओ ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य अपने देश को आजादी दिलवाने वाले शूरवीरों को नमन और वंदन करना है। इस मौके पर थाना प्रभारी बिलावर जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।