हीरानगर। जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कूटा मोड़ के नजदीक निर्माणाधीन सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर का काम पूरा होने वाला है। इस साल के अंत तक काम पूरा होते ही ग्रुप सेंटर को जम्मू के नगरोटा से हीरानगर कूटा मोड़ शिफ्ट कर दिया जाएगा। सीआरपीएफ के जम्मू जोन विशेष पुलिस महानिदेशक संजय अरोड़ा ने बुधवार को ग्रुप सेंटर के क्वार्टर गार्ड भवन का उद्घाटन किया।
उप महानिरीक्षक सुखजीत सिंह राणा ने कहा कि ग्रुप केंद्र की अन्य इमारत का निर्माण तेजी से चल रहा है। यह निर्माण साल के अंत तक पूरे हो जाएंगे। इसके बाद ग्रुप सेंटर को नगरोटा से स्थानांतरित कर कूटा मोड़ से संचालित किया जाएगा। उप महानिरीक्षक ने कहा कि जम्मू संभाग के इस क्षेत्र की संवेदनशीलता के कारण यहां पर समूह केंद्र की अति आवश्यकता थी, जो इस वर्ष के अंत तक कार्यशील होने से पूर्ण हो जाएगी। इससे क्षेत्र का विकास भी होगा। इस मौके पर जम्मू सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक पीएस रणपिसे, सीपीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता विवेक बंसल, बॉर्डर डीएसपी सचित महाजन, कांति कुमार के अलावा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जनवरी 2013 में मिली थी मंजूरी
क्वार्टर गार्ड सीआरपीएफ के प्रत्येक संस्थान का मुख्य परिसर होता है। नवनिर्मित क्वार्टर गार्ड का काम 12 सौ वर्ग मीटर क्षेत्र पर वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। यह आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित एक अलग तरह का भवन है। ग्रुप केंद्र हीरानगर जनवरी 2013 को स्वीकृत किया गया था। वर्तमान में यह नगरोटा से कार्य कर रहा है।