बसोहली। महिला सरपंच की शिकायत पर शीतलनगर के ब्लाक विकास परिषद चेयरमैन पर पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि महिला सरपंच को आपत्तिजनक तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 66सी, 66ए, 503, 506, 509 और 354 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसडीपीओ बसोहली विक्रम सिंह ने बताया कि शीतल नगर ब्लाक के बीडीसी चेयरमैन शंकर सिंह के खिलाफ महिला सरपंच की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी महिला सरपंच की आपत्तिजनक तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देता था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। महिला संरपंच द्वारा साइबरक्राइम, छेड़खानी, यौन शोषण की शिकायतें मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।