शहर से कुछ दूर बरवाल मोड़ स्थित निजी स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र को एक शिक्षिका ने मामूली-सी बात पर थप्पड़ जड़ दिया। जोरदार थप्पड़ से छात्र के कान के परदे को नुकसान पहुंचा। उसे जांच के लिए जम्मू भेजा गया है। बच्चे के अभिभावक ने कठुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे बच्चे के मुताबिक कक्षा में ब्लैक बोर्ड पर शोक करने वाले बच्चों का नाम मोनिटर ने लिख रखा था। किसी दूसरे बच्चे ने नाम मिटा दिया और शिक्षिका को उसका नाम बता दिया। जबकि उसने नाम नहीं मिटाया था। इसी बात पर शिक्षिका ने उसे जोरदार थप्पड़ रसीद दिया।
अस्पताल में बच्चे के साथ आए रंजीत सिंह ने कहा कि गत दिवस जब छुट्टी होने के बाद बच्चा घर आया तो उसने अपनी मां से कान में दर्द और अजीब सी आवाज होने की शिकायत की। जिला अस्पताल आने पर उसका उपचार नहीं हो। ईएनटी के डाक्टर मौजूद नहीं थे।
मंगलवार दोपहर के बाद फिर जब वह जिला अस्पताल पहुंचे तो डाक्टर ने बच्चे के कान की जांच की और कहा कि इसके दाएं कान के पर्दे को नुकसान पहुंचा है। डाक्टर ने बच्चे के इलाज और जांच के लिए जम्मू जाने का परामर्श भी दिया है। उधर अभिभावकों ने इस संबंध में थाने में शिकायत कर दी।
जांच के बाद एफआईआर भी दर्ज किया जा सकता है। इस संबंध में स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा कि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। मीडिया से पता चला है और मंगलवार को बच्चा स्कूल नहीं आया था। ऐसे में बुधवार को इस संबंध में जांच की जाएगी।