कठुआ। शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की टीम ने जिला उपायुक्त के निर्देश पर अभियान चलाया। टीम ने दुकानों के आगे रखा सामान जब्त किया और दुकानदारों को हिदायतें भी जारी की। दोपहर को टीम जैसे ही मुख्य बाजार एक्शन के लिए पहुंची, बाजार में दुकानदारों ने अपना सामान दुकान के अंदर रखना शुरू कर दिया। टीम के सदस्यों की सक्रियता और तेजी के आगे दुकानदारों की चालाकी नहीं चली और टीम ने करीब दस दुकानों के आगे रखा सामान जब्त किया।
नगर परिषद की टीम के सदस्यों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लोगों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि दुकानदारों ने एक बार फिर दुकानों के आगे सामान रख दिया है। ऐसे में जिला उपायुक्त से मिले निर्देश के अनुसार टीम ने मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया और दस के करीब दुकानों के आगे रखा सामन जब्त कर लिया। इसके साथ ही मुर्ख्जी चौक पर भी फहड़ी लगाकर बैठे लोगों को भी अपनी अपनी फड़ी उठाने के लिए कह दिया। उन्होंने कहा कि आने वालेे समय में फिर अभियान चलाया जाएगा और दुकानदारों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।