हीरानगर। दियालाचक-बिलावर मार्ग पर पैसेंजर ऑटो और बुलेरो की टक्कर में 12 लोग घायल हो गए। इसमें से तीन घायलों को गंभीर हालत में जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर पक्का कोठा में दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। इसके बाद करीब आटो में बैठे 12 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर करने के बाद जीएमसी भेज दिया गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को पुलिस ने हीरानगर उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायलों की पहचान कांता देवी निवासी बलौट, हरदेव सिंह निवासी बलोट, राजकुमार निवासी गुरदासपुर, बिना देवी निवासी बलोट, कुलदीप सिंह निवासी मंगलूर, विमला देवी निवासी बलोट, दानिश निवासी डोड मंगलूर, शशी देवी डोड मंगलूर, प्रमिला देवी निवासी बलोट के रूप में हुई है। जबकि गंभीर घायलों की पहचान अशोक कुमार, राहुल सिंह और राजेश कुमार के रूप में हुई है जिन्हें जिला अस्पताल कठुआ रेफर कर दिया गया। यहां से उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।