बसोहली। पिछले बुधवार की रात को गडोडी इलाके के जेके बैंक की शाखा से अज्ञात चोर बैंक के पिछले हिस्से की दीवार को फांदकर अंदर घुस गए थे। इसके बाद उन्होंने बैंक के भीतर पड़ी गार्ड की 12 बोर की बंदूक से फायर कर कैश लाकर को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन असफल होने पर वे बैंक में कार्यरत सुरक्षा गार्ड की वहां रखी 12 बोर की बंदूक और कारतूस की बेल्ट ले गए थे।
थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मंगलवार को चोरी गई बंदूक और कारतूस जिंदरैली पुलिया के नीचे से बरामद हो गई। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने बंदूक पर से फिंगर प्रिंट लिए। थाना प्रभारी बसोहली संजीब चिब ने बंदूक और कारतूस बरामद होने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद की गई कारतूस की बेल्ट में बंदूक के 9 कारतूस पाए गए, दो कारतूस चले हैं। बेल्ट में से चार कारतूस गायब हैं। उन्होंने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।