शनिवार को सब डिवीजन के विभिन्न भागों में हुए दो सड़क हादसों में चार महिलाओं सहित बारह लोग घायल हो गए। जिनमें से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जीमएसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा साढ़े बारह बजे के करीब धार-उधमपुर मार्ग पर न्यारू मस्जिद के करीब हुआ, जहां रामपुर से मांडली की तरफ जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार छह लोग घायल हो गए, जिन्हें वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उठा कर उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां डाक्टरों ने जोगिंद्र सिंह, मदनलाल, जांदी राम और सुभाष सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। जबकि घायल तीर्थ सिंह, प्रीतम चंद का उप जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। दूसरा हादसा शाम चार बजे के करीब बजवाल गांव में हुआ। जब मांडली से बिलावर की तरफ आ रही एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से जा टकराई।
इस हादसे में मिनी बस में सवार चार महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। उन्हें बाद में लोग ने इलाज के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां स्नेहा रैणा निवासी भड्डू, नितिकावर्मा निवासी धर्मकोट, ज्ञानो निवासी फिंतर, परवीन अख्तर निवासी बिलावर, सुनीता निवासी मांडली, सौरभ, अक्षय निवासी धर्मकोट का इलाज चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।