हीरानगर। पिछली रात एक राहगीर को टक्कर मारकर भागने के मामले में हीरानगर पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पिछली रात करीब 11 बजे किसी अज्ञात वाहन ने हाईवे पर गुड़ा मुंडिया मोड़ पर सड़क पार कर रहे एक राहगीर को टक्कर दे मारी। इसकी सूचना पुलिस को मिली। हीरानगर थाना प्रभारी जेजे भगत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल राहगीर को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाईवे पर लगे सभी नाकों को अलर्ट कर दिया। सांबा और घगवाल के बीच लगे नाके पर पुलिस ने राहगीर को टक्कर मारकर भागने वाली कार को पकड़ लिया। पुलिस ने अमित गुप्ता निवासी चन्नी हिम्मत जम्मू को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान रामू पुत्र सूर्या निवासी मध्य प्रदेश, जो कि गांव में मजदूरी का काम करता था, के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।